Logo

AgriPress

Dedicated to Farmers

© 2026 AgriPress. All rights reserved.

Made with ❤️ by Adept Code

कृषि समाचार

पटना में कल कृषि नवाचार के धुरंधरों का सम्मान, सहकारिता मंत्री करेंगे शिरकत

AgriPress Staff AgriPress Staff
Updated 16 March, 2026 8:44 AM IST
पटना में कल कृषि नवाचार के धुरंधरों का सम्मान, सहकारिता मंत्री करेंगे शिरकत

पटना: बिहार और झारखंड के कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रगतिशील किसानों, वैज्ञानिकों और कृषि से जुड़ी संस्थाओं को सम्मानित करने के लिए 'फार्म एन फूड कृषि सम्मान अवार्ड 2026' का भव्य आयोजन मंगलवार को पटना के प्रतिष्ठित ज्ञान भवन में किया जाएगा। दिल्ली प्रेस के 'फार्म एन फूड मीडिया' द्वारा आयोजित यह समारोह उन कृषि योद्धाओं को पहचान देगा, जिन्होंने नवाचार, आधुनिक तकनीक और सतत कृषि मॉडल के माध्यम से मिसाल कायम की है और कृषि समुदाय को प्रेरित किया है।


इस राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री प्रमोद कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वे अपने हाथों से विजेता किसानों और संस्थाओं को पुरस्कृत करेंगे। 'दिल्ली प्रेस' की प्रतिष्ठित कृषि पत्रिका 'फार्म एन फूड' का उद्देश्य किसानों को सरल भाषा में कृषि की नवीनतम जानकारी उपलब्ध कराना है, जिसमें नवाचारों, फूड प्रोसेसिंग, मशीनरी और आधुनिक खेती के तरीकों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाता है।


पत्रिका का मानना है कि किसान देश की रीढ़ हैं और उन्हें और अधिक मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है। आज के समय में कृषि को केवल जीवनयापन का साधन नहीं, बल्कि एक लाभकारी रोजगार के रूप में स्थापित करने की आवश्यकता है, और 'फार्म एन फूड' इस दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है।


इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में खेती-किसानी से जुड़े तकरीबन 36 व्यक्तियों और संस्थाओं को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इनमें प्रगतिशील किसान, कृषि वैज्ञानिक, पशुपालक, कृषि पत्रकार और अन्य वे लोग शामिल होंगे जिन्होंने कृषि विकास में अपना बहुमूल्य योगदान दिया है।


'फार्म एन फूड कृषि सम्मान अवार्ड' ने यह साबित किया है कि देश के किसान अब आधुनिक तकनीक, प्राकृतिक खेती, वैल्यू एडिशन, प्रोसेसिंग और मार्केटिंग के जरिए कृषि को एक लाभकारी व्यवसाय बना रहे हैं। यह सम्मान न केवल पुरस्कृत होने वाले किसानों और संस्थाओं के मनोबल को बढ़ाता है, बल्कि अन्य किसानों और कृषि उद्यमियों को भी नवाचार और आधुनिक तरीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करता है। यह अवार्ड कृषि क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलावों को नई पहचान प्रदान करता है।