Logo

AgriPress

Dedicated to Farmers

© 2026 AgriPress. All rights reserved.

Made with ❤️ by Adept Code

कृषि समाचार

कृषि में AI क्रांति: बिहार बना भारत-विस्तार अपनाने वाला अग्रणी राज्य

AgriPress Staff AgriPress Staff
Updated 18 February, 2026 8:00 AM IST
कृषि में AI क्रांति: बिहार बना भारत-विस्तार अपनाने वाला अग्रणी राज्य

बिहार ने कृषि क्षेत्र में डिजिटल नवाचारों को बढ़ावा देने की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम उठाया है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा जयपुर से राष्ट्रीय स्तर पर ‘भारत-विस्तार’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, जिसमें बिहार सरकार के कृषि मंत्री श्री राम कृपाल यादव ने पटना स्थित कृषि भवन सभागार से वेबकास्ट के माध्यम से सक्रिय रूप से सहभागिता सुनिश्चित की। यह पहल देश में डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI) को सुदृढ़ करने और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित कृषि नवाचारों को बढ़ावा देने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी, जिसका उद्देश्य किसानों को समय पर और सटीक वैज्ञानिक परामर्श उपलब्ध कराना है।


‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में कृषि मंत्री श्री राम कृपाल यादव ने बताया कि ‘भारत-विस्तार’ की घोषणा केंद्रीय बजट 2026-27 में की गई थी। यह एक उन्नत, बहुभाषी और AI-आधारित डिजिटल मंच है, जो एग्रीस्टैक पोर्टलों तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) द्वारा अनुशंसित कृषि पद्धतियों को एकीकृत कर किसानों को समेकित, सटीक, वैज्ञानिक एवं समयानुकूल परामर्श उपलब्ध कराएगा। उन्होंने गर्व के साथ घोषणा की कि बिहार ‘भारत-विस्तार’ का लोगो उपयोग करने वाला देश का पहला राज्य है और इसकी चैटबॉट सुविधा का प्रयोग करने वाला भी अग्रणी राज्य है। यह उपलब्धि राज्य सरकार की तकनीकी नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता और कृषि के डिजिटल सशक्तिकरण को प्राथमिकता देने वाली दूरदर्शी नीति का प्रमाण है।


मंत्री श्री यादव ने विस्तार से बताया कि यह AI-आधारित संवाद प्रणाली किसानों को फसल प्रबंधन, उर्वरक एवं कीटनाशी अनुशंसा, मौसम आधारित सलाह तथा अनुशंसित कृषि पद्धतियों से संबंधित जानकारी लिखित अथवा वॉइस कमांड के माध्यम से सहज रूप में उपलब्ध कराएगी। उन्होंने इस पहल को माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘स्मार्ट कृषि’ के व्यापक विजन का सशक्त उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में आईसीएआर द्वारा विकसित यह प्रणाली किसानों तक वैज्ञानिक परामर्श सीधे पहुँचाने का कार्य करेगी।


राम कृपाल यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि बिहार इस पहल को लागू करने वाले अग्रणी राज्यों में शामिल है, जो राज्य की किसान-हितैषी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ‘भारत-विस्तार’ का मुख्य उद्देश्य किसानों तक खेती से जुड़ी जानकारी और सेवाएँ सीधे संवाद के माध्यम से त्वरित एवं सरल भाषा में उपलब्ध कराना है।


मंत्री ने जोर देते हुए कहा कि ‘भारत-विस्तार’ केवल एक तकनीकी व्यवस्था नहीं, बल्कि एक व्यापक परिवर्तन की शुरुआत है — जहाँ तकनीक, ज्ञान और किसान एक साथ मिलकर आगे बढ़ते हैं। उन्होंने राज्य सरकार के स्पष्ट लक्ष्य को दोहराया: “किसान समृद्ध होगा तो बिहार समृद्ध होगा।” उन्होंने बिहार के किसानों से इस डिजिटल पहल का अधिकाधिक उपयोग करने तथा आधुनिक, वैज्ञानिक एवं आत्मनिर्भर खेती की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।


इस महत्वपूर्ण अवसर पर विशेष सचिव, कृषि विभाग डॉ. वीरेन्द्र प्रसाद यादव, विशेष सचिव शैलेन्द्र कुमार, प्रबंध निदेशक बीआरबीएन स्पर्श गुप्ता, अपर सचिव कल्पणा कुमारी, अपर सचिव मनोज कुमार, मंत्री के आप्त सचिव सुरेन्द्र प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी एवं प्रगतिशील किसान उपस्थित थे।